Home » मध्य प्रदेश = MP » 52 किलो सोना और करोड़ों की नकदी मामले में सौरभ शर्मा पर जल्द दाखिल होगी चार्जशीट, 15 से ज्यादा लोग होंगे आरोपित

52 किलो सोना और करोड़ों की नकदी मामले में सौरभ शर्मा पर जल्द दाखिल होगी चार्जशीट, 15 से ज्यादा लोग होंगे आरोपित

Bhopal, Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश में 52 किलो सोना और करोड़ों रुपये की नकदी मिलने के बाद चर्चित हुए पूर्व परिवहन आरक्षक सौरभ शर्मा के मामले में लोकायुक्त संगठन ने जांच लगभग पूरी कर ली है। भ्रष्टाचार के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जुटाने के आरोपों से घिरे सौरभ शर्मा के खिलाफ सितंबर में अदालत में आरोप पत्र पेश किया जा सकता है।

फिलहाल मामले में अभियोजन स्वीकृति की प्रक्रिया बाकी है। लोकायुक्त की जांच में सौरभ शर्मा के अलावा 15 से अधिक अन्य लोगों को आरोपित बनाए जाने की तैयारी है। इनमें उनकी पत्नी, मां, दोस्त शरद जायसवाल, कारोबारी सहयोगी चेतन गौर और अन्य रिश्तेदारों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।

19 दिसंबर 2024 को हुई थी कार्रवाई

लोकायुक्त पुलिस ने 19 दिसंबर 2024 को सौरभ शर्मा के घर और कार्यालय पर छापा मारा था। इसके बाद मामले ने उस समय बड़ा मोड़ लिया, जब अगले ही दिन आयकर विभाग की टीम को भोपाल के मेंडोरी गांव में एक लावारिस कार से बड़ी मात्रा में सोना और नकदी बरामद हुई।

जांच के दौरान कार चेतन गौर के नाम पर पंजीकृत मिली। कार से 52 किलो सोना और 11 करोड़ 60 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। इतनी बड़ी बरामदगी के बाद सौरभ शर्मा का मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गया था।

काली कमाई को ठिकाने लगाने का आरोप

लोकायुक्त की जांच में ऐसे लोगों की भूमिका भी सामने आने का दावा किया गया है, जिन्होंने कथित तौर पर सौरभ शर्मा की अवैध कमाई को छिपाने या अलग-अलग माध्यमों से ठिकाने लगाने में मदद की।

जांच एजेंसी का मानना है कि मामले में सौरभ शर्मा के अलावा कई अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जरूरी है। इसी आधार पर 15 से अधिक लोगों को आरोपित बनाने की तैयारी चल रही है।

जमानत के बाद बढ़ी कार्रवाई की रफ्तार

सौरभ शर्मा को को जबलपुर हाई कोर्ट से जमानत मिल गई। इसके बाद लोकायुक्त संगठन की ओर से आरोप पत्र जल्द दाखिल करने की प्रक्रिया तेज किए जाने की बात सामने आई है।

अब अभियोजन स्वीकृति मिलने के बाद सितंबर में चार्जशीट पेश किए जाने की संभावना है। चार्जशीट दाखिल होने के बाद मामले में जांच से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य और आरोपितों की भूमिका अदालत के सामने स्पष्ट हो सकती है।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2