दिनहाटा, पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के संदेह में सिलीगुड़ी के एक युवक को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान प्रदीप्त बोस के रूप में हुई है।
एसटीएफ अधिकारियों के अनुसार, प्रदीप्त बोस को दिल्ली के बंगाली पट्टी इलाके से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उसे गुरुवार को दिल्ली से कूचबिहार जिले के दिनहाटा लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, इससे पहले एसटीएफ ने आईएसआई एजेंट होने के संदेह में चार लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें से तीन आरोपित दिनहाटा इलाके से पकड़े गए थे। इनसे पूछताछ के दौरान प्रदीप्त बोस का नाम सामने आया, जिसके बाद एसटीएफ की एक टीम उसे गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली रवाना हुई।
बताया जा रहा है कि एक सप्ताह के भीतर आईएसआई से जुड़े होने के संदेह में पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच एजेंसियां अब इन सभी के आपसी संपर्क और कथित नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
यह मामला सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि सिलीगुड़ी कॉरिडोर, जिसे ‘चिकन नेक' भी कहा जाता है, देश के महत्वपूर्ण सामरिक क्षेत्रों में शामिल है। यह संकरा क्षेत्र पूर्वोत्तर राज्यों को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ता है और नेपाल, भूटान तथा बांग्लादेश की सीमाओं के करीब स्थित है।
एसटीएफ को संदेह है कि गिरफ्तार युवक और उसके कथित साथी कई राज्यों में फैले किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं। हालांकि, मामले की जांच जारी है और जांच एजेंसियां सभी आरोपों तथा संभावित संपर्कों की पुष्टि में जुटी हैं।











