Home » क्रिकेट / खेल » CSK छोड़कर जाना चाहता है एक और कोच, स्टीफन फ्लेमिंग के साथ करेगा काम!

CSK छोड़कर जाना चाहता है एक और कोच, स्टीफन फ्लेमिंग के साथ करेगा काम!

चेन्नई, तमिलनाडु

चेन्नई सुपर किंग्स के साथ लबे समय तक जुड़े रहे स्टीफन फ्लेमिंग के बाद अब टीम के बल्लेबाजी कोच माइक हसी के भविष्य को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज हसी इग्लैंड की टेस्ट टीम के कोचिंग सेटअप से जुड़ने की संभावना पर विचार कर रहे हैं, जहां उनकी मुलाकात एक बार फिर स्टीफन फ्लेमिंग से हो सकती है।

स्टीफन फ्लेमिंग हाल ही में चेन्नई सुपर किंग्स से अलग हुए हैं और इंग्लैंड की पुरुष टेस्ट टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालने जा रहे हैं। फ्लेमिंग ने CSK के साथ करीब 18 साल तक काम किया और इस दौरान टीम ने पांच आईपीएल खिताब जीते।

अब खबर है कि फ्लेमिंग ने अपने पुराने सहयोगी माइक हसी से इंग्लैंड के टेस्ट कोचिंग सेटअप में बल्लेबाजी कोच की भूमिका को लेकर संपर्क किया है। हसी ने इस संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया है और कहा है कि वह इस अवसर पर विचार कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।

माइक हसी लंबे समय से चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े हुए हैं और टीम के बल्लेबाजी कोच की जिम्मेदारी संभालते रहे हैं। फ्लेमिंग और हसी के बीच पुराना पेशेवर रिश्ता है और दोनों ने CSK के साथ कई वर्षों तक एक साथ काम किया है। इसी वजह से इंग्लैंड टीम में दोनों की संभावित साझेदारी को लेकर क्रिकेट जगत में चर्चा हो रही है।

हसी के लिए यह फैसला आसान नहीं होगा, क्योंकि वह ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी हैं और इंग्लैंड के साथ जुड़ने पर उन्हें भविष्य में अपनी ही राष्ट्रीय टीम के खिलाफ कोचिंग करनी पड़ सकती है। फिर भी, हसी ने कोचिंग के प्रति अपनी रुचि जताई है और इंग्लैंड की बल्लेबाजी को बेहतर बनाने के अवसर को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि माइक हसी चेन्नई सुपर किंग्स को छोड़ेंगे या इंग्लैंड की टीम के साथ किसी सीमित अवधि के लिए जुड़ेंगे। अगर वह स्टीफन फ्लेमिंग के प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं, तो CSK के कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।

बता दें कि हसी को लेकर एक अलग चर्चा यह भी है कि वह स्टीफन फ्लेमिंग के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के नए मुख्य कोच बनने के दावेदारों में शामिल हो सकते हैं। ऐसे में उनका अंतिम फैसला CSK और इंग्लैंड, दोनों टीमों के कोचिंग ढांचे के लिए अहम माना जा रहा है।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2