जयपुर, राजस्थान
जयपुर में तीन दिन पहले हुई गर्भवती महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित को भरतपुर-आगरा राजमार्ग से पकड़ा। आरोपित उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के अनुसार, महिला और आरोपित के बीच करीब छह महीने से प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों बाराबंकी से भागकर जयपुर आए थे।
मृतका की पहचान किरण के रूप में हुई है। वह रिश्ते में आरोपित की चाची लगती थी। दोनों जयपुर में किराये के कमरे में रह रहे थे। पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि उसे शक था कि किरण का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
विवाद के बाद गला दबाकर हत्या
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोपित ने कथित तौर पर किरण का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने घर के आंगन में गड्ढा खोदा और शव को मिट्टी के नीचे दबा दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित वहां से फरार हो गया। पुलिस उपायुक्त प्रशांत के अनुसार, पुलिस ने मामले की जांच शुरू करने के साथ आरोपित की लोकेशन को ट्रेस किया और उसके आधार पर कार्रवाई की।
मकान मालिक पहुंचा तो सामने आया पूरा मामला
घटना का पता तब चला जब पिछले रविवार को मकान मालिक वहां पहुंचा। आसपास के लोगों ने मकान के अंदर से बदबू आने की बात कही। इसके बाद मकान मालिक जब आंगन की ओर गया तो उसे मिट्टी में से एक हाथ बाहर निकला हुआ दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को मिट्टी से बाहर निकाला और हत्या से जुड़े साक्ष्यों की जांच की। जांच के दौरान आरोपित की लोकेशन का पता लगाया गया, जिसके बाद उसे भरतपुर-आगरा राजमार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। शुरुआती पूछताछ में प्रेम संबंध और दूसरे युवक से संबंध होने के शक को हत्या की वजह बताया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।











