मंडी, हिमाचल प्रदेश
LPU हिंसा मामले में पंजाब पुलिस की कार्रवाई, मंडी से नाबालिग छात्र पकड़ा गया
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU), जालंधर में हाल में हुई हिंसा और हंगामे के मामले में पंजाब पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक नाबालिग छात्र को हिरासत में लिया है। आरोप है कि छात्र विश्वविद्यालय परिसर में हुए उग्र प्रदर्शन के दौरान व्यवस्था बिगाड़ने में शामिल था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे मंडी से पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, एलपीयू परिसर में हुए प्रदर्शन के दौरान छात्र पर एक डेमो जहाज पर चढ़कर हुड़दंग मचाने का आरोप है। यह जहाज विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शनी के लिए रखा गया था। प्रदर्शन के दौरान छात्र के जहाज पर चढ़ने और वहां हंगामा करने की बात सामने आई है।
पंजाब पुलिस को सूचना मिली थी कि संबंधित छात्र मंडी स्थित अपने घर पहुंच गया है। इसके बाद पुलिस टीम मंडी पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से उसे हिरासत में लिया गया। छात्र के एलपीयू में हुए हंगामे में शामिल होने की बात बताई जा रही है।
बताया गया है कि आरोपित छात्र नाबालिग है। उसके पिता मंडी में एक सरकारी कार्यालय में कार्यरत बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनके सरकारी कार्यालय में कार्यरत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एलपीयू परिसर में हुए प्रदर्शन के दौरान स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी। इसी दौरान कई छात्रों के हंगामे में शामिल होने की जानकारी सामने आई थी। मामले की जांच के तहत पंजाब पुलिस अब संबंधित लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है।
मंडी से नाबालिग छात्र की हिरासत को इसी जांच की एक महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस मामले में उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।











