लखनऊ, उत्तर प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार, 21 नवंबर को राजधानी लखनऊ आगमन को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रधानमंत्री शाम करीब 5:30 बजे गोमतीनगर के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस दौरान 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में करीब 4400 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था में कई विशेष एजेंसियां शामिल
प्रधानमंत्री विशेष विमान से अमौसी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सड़क मार्ग के जरिए कार्यक्रम स्थल जाएंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह निर्धारित मार्ग से एयरपोर्ट लौटेंगे और नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
सुरक्षा व्यवस्था में आठ डीसीपी, 10 अपर पुलिस उपायुक्त, 34 सहायक पुलिस आयुक्त और बड़ी संख्या में निरीक्षकों व पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
इसके अलावा पीएसी की 11 कंपनियां और दो प्लाटून, आरआरएफ की दो कंपनियां, एनएसजी और एटीएस की टीमें भी तैनात रहेंगी। एंटी ड्रोन सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री के काफिले का रिहर्सल भी किया गया।
तीन अस्पतालों में सेफ हाउस तैयार
स्वास्थ्य विभाग ने आपातस्थिति से निपटने के लिए लोकबंधु राजनारायण अस्पताल, लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान और एसजीपीजीआई में सेफ हाउस बनाए हैं।
तीनों अस्पतालों में करीब 50 डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें हृदय रोग, मेडिसिन, सर्जरी और हड्डी रोग के विशेषज्ञ शामिल हैं।
अस्पतालों में आईसीयू, जरूरी दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और रक्त की व्यवस्था की गई है।
दोपहर 12 से रात 10 बजे तक यातायात डायवर्जन
प्रधानमंत्री के दौरे के कारण शनिवार को दस घंटे तक शहर के कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के आसपास लोहिया संस्थान तिराहा, पिकप ओवरब्रिज, कठौता चौराहा, विजयीपुर अंडरपास और न्यू हाईकोर्ट मोड़ से आने वाले सामान्य यातायात पर प्रतिबंध रहेगा।
कमता तिराहा, पॉलीटेक्निक चौराहा, शहीद पथ और अहिमामऊ के आसपास भी यातायात व्यवस्था बदली रहेगी।
पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। आपातस्थिति में एंबुलेंस, दमकल, शव वाहन और स्कूली वाहनों को पुलिस की सहायता से निकाला जाएगा।
सिटी बसों के संचालन पर भी पड़ेगा असर
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के कारण एयरपोर्ट, अमौसी और शहीद पथ मार्ग पर चलने वाली 22 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रभावित हो सकता है।
सिटी ट्रांसपोर्ट प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर बसों को वैकल्पिक मार्गों से चलाने की तैयारी की है। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बस सेवाओं को सामान्य किया जाएगा।
कौशल दीक्षांत समारोह में आईटीआई, एनएसटीआई और आईटीओटी के 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।












