सहारनपुर, उत्तर प्रदेश।
बिरला प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (बिट्स) पिलानी ने वर्ष 2027 से मेधावी विद्यार्थियों के लिए बड़ी छात्रवृत्ति योजना लागू करने की घोषणा की है। इसके तहत संस्थान की प्रवेश परीक्षा में शीर्ष 1000 रैंक हासिल करने वाले पात्र विद्यार्थियों को चार साल तक शिक्षण शुल्क में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। हालांकि, इस सुविधा का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों की वार्षिक पारिवारिक आय 20 लाख रुपये तक होनी चाहिए।
संस्थान के समूह कुलपति वी. रामगोपाल राव ने इस योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है। इससे उन छात्रों को भी प्रतिष्ठित संस्थान में पढ़ने का अवसर मिलेगा, जो आर्थिक परिस्थितियों के कारण शिक्षण शुल्क को लेकर परेशान रहते हैं।
टॉप 1000 में स्थान और आय सीमा जरूरी
इस योजना के तहत प्रवेश परीक्षा में शीर्ष 1000 स्थान हासिल करना पहली शर्त होगी। इसके अलावा विद्यार्थी के परिवार की वार्षिक आय 20 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। पात्रता पूरी करने वाले विद्यार्थियों को चार साल तक ट्यूशन फीस में पूरी छूट दी जाएगी।
हालांकि, छात्रवृत्ति जारी रखने के लिए विद्यार्थियों को पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करना होगा। इसके लिए न्यूनतम 7.5 सीजीपीए बनाए रखना अनिवार्य किया गया है। यदि विद्यार्थी निर्धारित शैक्षणिक प्रदर्शन बनाए रखते हैं, तो उन्हें पूरे चार साल तक इस सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
बिटसैट के जरिए होता है प्रवेश
बिट्स पिलानी में स्नातक स्तर के एकीकृत प्रथम डिग्री पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए बिट्स एडमिशन टेस्ट यानी बिटसैट आयोजित किया जाता है। यह कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा है।
इस परीक्षा के माध्यम से संस्थान के विभिन्न परिसरों में बीई, एमएससी और बीफार्मा जैसे पाठ्यक्रमों में दाखिला दिया जाता है। हर साल बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस प्रवेश परीक्षा में शामिल होते हैं।
दाखिले के साथ ही मिलेगी छात्रवृत्ति की जानकारी
समूह कुलपति वी. रामगोपाल राव ने बताया कि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए अलग से आवेदन नहीं करना होगा। संस्थान की ओर से दिए जाने वाले प्रवेश प्रस्ताव में ही छात्रवृत्ति का प्रावधान शामिल रहेगा। इससे विद्यार्थियों को दाखिले के समय ही फीस में मिलने वाली छूट की जानकारी मिल जाएगी।
मेधावी छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ
इस योजना से विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को फायदा होगा, जो प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं और जिनके परिवार की वार्षिक आय निर्धारित सीमा के भीतर है। चार साल तक पूरी ट्यूशन फीस माफ होने से उच्च शिक्षा का आर्थिक बोझ कम होगा। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी पढ़ाई और शैक्षणिक प्रदर्शन पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिलेगा।










