Home » विदेश » फ्लोरिडा में विमान हादसे से मचा हड़कंप, व्यस्त सड़क के पास आग के गोले में बदला लियरजेट 60; 9 लोगों की मौत

फ्लोरिडा में विमान हादसे से मचा हड़कंप, व्यस्त सड़क के पास आग के गोले में बदला लियरजेट 60; 9 लोगों की मौत

अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक भीषण विमान दुर्घटना हुई। टेक्सास से बहामास जा रहा नौ लोगों को लेकर उड़ रहा बिजनेस जेट अचानक तेजी से नीचे गिरा और एक व्यस्त सड़क के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जमीन से टकराते ही विमान में आग लग गई और देखते ही देखते वह आग के गोले में बदल गया। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना का खौफनाक मंजर सड़क से गुजर रहे वाहन चालकों के कैमरों में कैद हो गया।

समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान लियरजेट 60 था। यह पाम बीच काउंटी के ग्रीनएक्रस इलाके में गिरा। अमेरिकी परिवहन सचिव शॉन डफी ने हादसे में विमान सवार सभी नौ लोगों की मौत की पुष्टि की। राहत की बात यह रही कि विमान आसपास के घरों और सड़क पर चल रहे वाहनों से नहीं टकराया।

हादसे से पहले पायलट ने दी थी मौसम खराब होने की जानकारी

एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग से विमान के आखिरी पलों की जानकारी सामने आई है। पायलट ने उड़ान के दौरान अधिकारियों को बताया था कि इलाके में मौसम खराब हो रहा है। विमान में टर्बुलेंस यानी तेज झटके महसूस हो रहे थे और उसके बाहरी हिस्से पर बर्फ जम रही थी।

शुरुआत में पायलट ने स्थिति को संभालने योग्य बताया, लेकिन मौसम बिगड़ने के बाद उसने 2,000 फीट ऊपर जाने की अनुमति मांगी। इसके बाद विमान तेजी से नीचे गिरने लगा। पायलट ने मेडे-मेडे का आपातकालीन संदेश जारी कर बताया कि विमान की ऊंचाई तेजी से कम हो रही है।

20 हजार फीट प्रति मिनट से भी ज्यादा हुई गिरने की रफ्तार

एयर ट्रैफिक कंट्रोल की रिकॉर्डिंग के अनुसार, पायलट ने विमान के ओवरस्पीड होने और तेजी से नीचे गिरने की जानकारी दी थी। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, विमान करीब 35 हजार फीट की ऊंचाई पर पूर्व दिशा में उड़ रहा था। इसके बाद खराब मौसम और बर्फ जमने की स्थिति के बीच विमान तेजी से नीचे आने लगा। रिपोर्ट में इसकी गिरने की रफ्तार 30 हजार फीट प्रति मिनट तक पहुंचने की बात कही गई है।

600 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ा गड्ढा बन गया और चारों तरफ आग तथा काले धुएं का गुबार फैल गया। फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस ने दुर्घटना को बेहद विनाशकारी बताया। उन्होंने कहा कि जमीन पर मौजूद लोगों के घायल होने या मारे जाने की तत्काल कोई सूचना नहीं थी।

एहतियात के तौर पर पास की मोबाइल होम कम्युनिटी से करीब 600 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दुर्घटना के बाद संबंधित सड़क को भी बंद कर दिया गया।

यह विमान टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बहामास के लिए रवाना हुआ था। नेशनल वेदर सर्विस के अनुसार, दुर्घटना के समय इलाके में भारी बारिश हो रही थी और बाढ़ की चेतावनी भी जारी थी। हादसे के सटीक कारणों और मृतकों की पहचान का पता लगाने की प्रक्रिया जारी है।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2