Home » धर्म एवं अध्यात्म » देशभर में दीपावली की आतिशबाजी ने मचाई तबाही, 24 की मौत और सैकड़ों घायल; कटनी-सिवनी में 12 लोगों ने गंवाई जान

देशभर में दीपावली की आतिशबाजी ने मचाई तबाही, 24 की मौत और सैकड़ों घायल; कटनी-सिवनी में 12 लोगों ने गंवाई जान

नई दिल्ली, दिल्ली। दीपावली पर देशभर में आतिशबाजी और आग लगने की घटनाओं ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। पटाखों से जुड़े हादसों में 24 लोगों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों लोग घायल हुए। सबसे गंभीर घटनाएं मध्य प्रदेश के कटनी और सिवनी जिलों में हुईं, जहां दो कारोबारियों के तीन मंजिला मकानों में आग लगने से 12 लोगों की जान चली गई। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। राजधानी दिल्ली में पटाखों से झुलसने और घायल होने के करीब 300 मामले सामने आए।

कटनी में दो माह के बच्चे समेत छह की मौत

कटनी जिले के बरही कस्बे में कारोबारी पूरन अग्रवाल के तीन मंजिला मकान में रविवार की मध्य रात्रि के बाद आग लग गई। मकान के पहले तल पर स्थित क्राकरी की दुकान से आग शुरू हुई और देखते ही देखते पूरे भवन में फैल गई। ऊपरी मंजिलों पर मौजूद परिवार के सदस्य आग की लपटों में फंस गए। इस हादसे में दो माह के बच्चे सहित छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

सिवनी में भी छह लोगों ने गंवाई जान

दूसरी घटना सिवनी जिले के छपारा कस्बे के महावीर वार्ड में हुई। यहां सराफा कारोबारी कुंदन लाल सोनी के तीन मंजिला मकान में सोमवार सुबह करीब चार बजे आग लग गई। हादसे के समय परिवार के 10 सदस्य सो रहे थे। आग की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोगों को बचा लिया गया। घर के चैनल गेट बंद होने के कारण बचाव कार्य में कठिनाई हुई।

दिल्ली में अस्पतालों में बढ़े मरीज

पटाखों से झुलसने वाले लोगों के पहुंचने से दिल्ली के अस्पतालों में भारी भीड़ रही। सफदरजंग अस्पताल में 135, एम्स में 42 और आकाश हेल्थकेयर में 15 मरीज पहुंचे। अन्य अस्पतालों में भी 100 से अधिक मरीजों के पहुंचने की जानकारी है। एम्स में 11 मरीज गंभीर रूप से झुलसे और पांच की सर्जरी की गई। आठ वर्षीय एक बच्चे का करीब 45 प्रतिशत शरीर जल गया, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी।

उत्तर प्रदेश में तीन बच्चों की मौत

मेरठ में आतिशबाजी देख रहा पांच वर्षीय बच्चा घबराकर भागने लगा और सिर के बल गिर गया। सिर में नुकीली वस्तु घुसने से उसकी मौत हो गई। फतेहपुर में जेब में रखा सुतली बम फटने से एक किशोर की जान चली गई। फर्रुखाबाद में पटाखे का टुकड़ा गले में धंसने से एक बालक की मौत हो गई।

अन्य राज्यों में भी हुए हादसे

पंजाब और राजस्थान में दो-दो लोगों की मौत हुई। हरियाणा के जींद में पटाखे का छर्रा गर्दन में लगने से 39 वर्षीय महिला की जान चली गई। बिहार में आग की घटनाओं में एक वृद्धा की मौत हुई। उत्तराखंड और ओडिशा में भी एक-एक व्यक्ति की मौत हुई।

कानपुर में आग से कारखाने और दुकानों को एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। जम्मू की अनाज मंडी में आतिशबाजी से लगी आग में सात दुकानें और गोदाम जलकर राख हो गए।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2