Home » बिज़नेस » कपड़े धोने का खर्च बढ़ा: HUL ने सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील के दाम 11% तक बढ़ाए; देखें सभी नए रेट

कपड़े धोने का खर्च बढ़ा: HUL ने सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील के दाम 11% तक बढ़ाए; देखें सभी नए रेट

नई दिल्ली, दिल्ली। महंगाई का असर अब घरों में रोजाना इस्तेमाल होने वाले डिटर्जेंट और साबुन पर भी पड़ रहा है। हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (HUL) ने अपने लोकप्रिय ब्रांड सर्फ एक्सेल, रिन और व्हील के कई उत्पादों के अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) में बढ़ोतरी कर दी है। अलग-अलग पैक आकार के आधार पर कीमतें 1 रुपये से 10 रुपये तक बढ़ाई गई हैं। कुछ उत्पादों की कीमत में यह इजाफा 11 प्रतिशत तक है। इस बदलाव के बाद उपभोक्ताओं को कपड़े धोने के लिए पहले की तुलना में अधिक खर्च करना होगा।

 

कंपनी ने कच्चे माल की बढ़ती लागत और लाभ मार्जिन पर दबाव को कीमतों में संशोधन की वजह बताया है। पिछले महीने एचयूएल की एमडी और सीईओ प्रिया नायर ने कहा था कि कंपनी इनपुट लागत में उतार-चढ़ाव के अनुसार कीमतों में संतुलित बढ़ोतरी करती रहेगी। उन्होंने कहा था कि जिंसों की ऊंची महंगाई चुनौती बनी हुई है, हालांकि मांग में मजबूती कायम है।

सर्फ एक्सेल क्विक वॉश और ईजी वॉश की नई कीमतें

सर्फ एक्सेल क्विक वॉश के एक किलोग्राम पैक की कीमत में 10 रुपये का इजाफा किया गया है। पहले यह पैक 235 रुपये में मिलता था, लेकिन अब इसका नया दाम 245 रुपये हो गया है। इसी तरह, 500 ग्राम वाले पैक की कीमत 123 रुपये से बढ़ाकर 128 रुपये कर दी गई है।

सर्फ एक्सेल ईजी वॉश के एक किलोग्राम पैक का दाम 167 रुपये से बढ़कर 172 रुपये हो गया है। इसके 500 ग्राम पैक की कीमत में 2 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब यह 85 रुपये के बजाय 87 रुपये में मिलेगा।

सर्फ एक्सेल के बार यानी साबुन की कीमतों में भी संशोधन किया गया है। 250 ग्राम वाले बार का दाम 42 रुपये से बढ़ाकर 45 रुपये कर दिया गया है। वहीं, चार बार वाले पैक की कीमत 145 रुपये से बढ़कर 155 रुपये हो गई है। इस पैक में प्रत्येक बार का वजन 200 ग्राम है।

रिन के पाउडर और आला के नए रेट

रिन आला के 500 मिलीलीटर पैक की कीमत 90 रुपये से बढ़ाकर 95 रुपये कर दी गई है। रिन डिटर्जेंट पाउडर के एक किलोग्राम पैक का नया दाम 123 रुपये है, जबकि पहले इसकी कीमत 120 रुपये थी। इसके 500 ग्राम पैक की कीमत भी 61 रुपये से बढ़कर 63 रुपये हो गई है।

व्हील डिटर्जेंट पाउडर की कीमतें भी बढ़ीं

व्हील पाउडर के एक किलोग्राम पैक के लिए अब 93 रुपये देने होंगे। पहले इसकी कीमत 90 रुपये थी। इसके 500 ग्राम पैक का दाम 46 रुपये से बढ़ाकर 47 रुपये कर दिया गया है। इस तरह व्हील के दोनों पैक की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है।

मोती गुलाब साबुन भी हुआ महंगा

एचयूएल ने अपने मोती गुलाब साबुन की कीमत में भी बदलाव किया है। 150 ग्राम वाले पैक का दाम 74 रुपये से बढ़ाकर 82 रुपये कर दिया गया है। इसमें 8 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, जो 10 प्रतिशत से अधिक है।

कच्चे माल की लागत बनी चुनौती

एफएमसीजी कंपनियां कच्चे माल और अन्य इनपुट की लागत में बदलाव के बीच अपने उत्पादों की कीमतों की समीक्षा कर रही हैं। कंपनियों के सामने लागत का असर संभालने के साथ बिक्री और बाजार में प्रतिस्पर्धा बनाए रखने की चुनौती भी है। एचयूएल की ओर से की गई ताजा बढ़ोतरी का असर उन उपभोक्ताओं पर पड़ेगा, जो नियमित रूप से इन ब्रांडों के डिटर्जेंट और साबुन खरीदते हैं।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2