Home » ताजा खबर » संसद सत्र से पहले मोदी कैबिनेट की बैठक आज, परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर होगी चर्चा

संसद सत्र से पहले मोदी कैबिनेट की बैठक आज, परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर होगी चर्चा

संसद के विशेष सत्र से पहले मोदी सरकार का बड़ा मंथन, आज कैबिनेट में महिला आरक्षण और परिसीमन पर होगी चर्चा

नई दिल्ली, दिल्ली। संसद के संभावित विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में आयोजित होने वाली इस बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण से संबंधित विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है। सरकार इन विधेयकों में कुछ संशोधन करने पर भी विचार कर सकती है।

सभी मंत्रियों को बैठक में उपस्थित रहने को कहा गया

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के संबंध में सभी मंत्रियों को सूचना भेज दी गई है। इससे पहले बुधवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकेत दिया था कि सरकार जल्द ही संसद का सत्र बुला सकती है।

प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से अगले कुछ दिनों तक उपलब्ध रहने और दिल्ली से बाहर की अपनी यात्राएं स्थगित करने को कहा था।

महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान

महिला आरक्षण के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है। शुक्रवार की बैठक में महिला आरक्षण और उससे जुड़े परिसीमन के विषय पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

सूत्रों का कहना है कि सरकार पिछले परिसीमन से संबंधित विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक में कुछ बदलाव कर सकती है।

अप्रैल में सरकार को नहीं मिला था दो तिहाई बहुमत

केंद्र सरकार ने अप्रैल में परिसीमन से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पेश किया था। उस समय विधेयक के पक्ष में 298 सांसदों ने मतदान किया था, जबकि 234 सांसदों ने इसके विरोध में मत दिया था।

आवश्यक दो तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण सरकार विधेयक को पारित कराने में सफल नहीं हो सकी थी।

लोकसभा में बदल चुके हैं राजनीतिक समीकरण

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस में हुई टूट के चलते उसके 20 लोकसभा सदस्य राजग के सहयोगी के रूप में भाजपा के साथ जुड़ चुके हैं। इसके अलावा शिवसेना यूबीटी के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए हैं।

इन राजनीतिक बदलावों के बाद राजग के पास घोषित रूप से 319 लोकसभा सदस्यों का समर्थन है।

द्रमुक और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की भूमिका महत्वपूर्ण

शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के पास आठ और द्रमुक के पास 22 लोकसभा सदस्य हैं। यदि दोनों दल परिसीमन के मुद्दे पर सरकार का समर्थन करते हैं तो समर्थक सांसदों की संख्या 349 तक पहुंच सकती है।

हालांकि, संविधान संशोधन के लिए आवश्यक बहुमत मतदान के समय सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों की संख्या पर भी निर्भर करेगा। फिलहाल दोनों विपक्षी दलों के समर्थन की पुष्टि नहीं हुई है।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2