नई दिल्ली। आज के दौर में बॉलीवुड की फिल्मों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं। बड़े प्रोडक्शन हाउस और निर्माता फिल्मों में पैसा लगाते हैं, लेकिन भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक ऐसी फिल्म भी है, जिसे बनाने के लिए देश के पांच लाख किसानों ने आर्थिक सहयोग दिया था। करीब 50 साल पहले बनी इस फिल्म का नाम ‘मंथन’ है।
भारत की पहली क्राउडफंडेड फिल्म
साल 1976 में रिलीज हुई फिल्म ‘मंथन’ का निर्देशन मशहूर फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल ने किया था। इसे भारत की पहली क्राउडफंडेड फिल्म माना जाता है। फिल्म के निर्माण के लिए गुजरात के पांच लाख डेयरी किसानों ने दो-दो रुपये का योगदान दिया था। इस तरह किसानों के सहयोग से फिल्म के लिए 10 लाख रुपये जुटाए गए थे।
श्वेत क्रांति पर आधारित थी कहानी
फिल्म ‘मंथन’ की कहानी भारत में दुग्ध सहकारी आंदोलन और श्वेत क्रांति पर आधारित थी। इसमें ग्रामीण किसानों के संघर्ष, सामाजिक असमानता और आर्थिक आत्मनिर्भरता की कहानी को पर्दे पर दिखाया गया था। फिल्म डॉ. वर्गीज कुरियन के दुग्ध सहकारी आंदोलन से प्रेरित थी।
नसीरुद्दीन शाह समेत कई दिग्गज कलाकार थे शामिल
फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, स्मिता पाटिल, गिरीश कर्नाड, अमरीश पुरी और कुलभूषण खरबंदा जैसे दिग्गज कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। कलाकारों के शानदार अभिनय और सामाजिक संदेश ने इस फिल्म को भारतीय सिनेमा में विशेष पहचान दिलाई।
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी किया गया सम्मानित
‘मंथन’ को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फीचर फिल्म और सर्वश्रेष्ठ पटकथा के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले थे। वर्ष 2024 में फिल्म के पुनर्स्थापित संस्करण का प्रदर्शन कान फिल्म महोत्सव में भी किया गया था।
आज भी ‘मंथन’ भारतीय सिनेमा में जनसहयोग और सामाजिक परिवर्तन की एक अनूठी मिसाल मानी जाती है।












