Home » अपराध » पंजाब में गैंगस्टरों पर बड़ा शिकंजा, विदेशों से एक दर्जन से ज्यादा बदमाश वापस; लॉरेंस गैंग भी निशाने पर

पंजाब में गैंगस्टरों पर बड़ा शिकंजा, विदेशों से एक दर्जन से ज्यादा बदमाश वापस; लॉरेंस गैंग भी निशाने पर

चंडीगढ़, पंजाब

पंजाब में नशों और संगठित अपराध के खिलाफ सरकार की कार्रवाई अब विदेशों तक पहुंचने का दावा किया गया है। आम आदमी पार्टी पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने को कहा कि भगवंत मान सरकार के कार्यकाल में पंजाब पुलिस विदेशों में छिपे एक दर्जन से ज्यादा गैंगस्टरों को वापस ला चुकी है।

बलतेज पन्नू ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने सत्ता में आने के बाद नशों और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता दी। उनके मुताबिक पंजाब पुलिस को आधुनिक तकनीक, बेहतर संसाधन और उन्नत उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इसके जरिए विदेशों में छिपे अपराधियों पर भी नजर रखी जा रही है।

उन्होंने बताया कि अमेरिका, दुबई, मलेशिया और मोल्दोवा सहित अलग-अलग देशों से गैंगस्टरों को वापस लाया गया है। इनमें सचिन बिश्नोई, मनप्रीत सिंह उर्फ पीता, रमनजीत सिंह उर्फ रोमी, परमिंदर सिंह उर्फ पिंडी, अनमोल बिश्नोई, अमृतपाल उर्फ मेहरो, गुरविंदर सिंह और जोबनदीप सिंह उर्फ जोबन बिल्ला शामिल हैं।

बलतेज पन्नू ने कहा कि अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से वापस लाया गया। वहीं अमृतपाल उर्फ मेहरो को दुबई और गुरविंदर सिंह को मलेशिया से वापस लाया गया। उन्होंने बताया कि हाल ही में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की टीम अमृतपाल उर्फ अमृत ढल्लम को मोल्दोवा से वापस लाई है।

उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई के करीबी बताए जा रहे करमवीर सिंह उर्फ करमवीर देव की वापसी की भी जानकारी दी। उनके अनुसार करमवीर देव को कनाडा से डिपोर्ट किया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तारी के बाद उसे पंजाब लाने की प्रक्रिया जारी है।

बलतेज पन्नू ने कहा कि विदेश भागने के बाद भी गैंगस्टरों का पीछा किया जा रहा है। उनका कहना है कि अपराध में शामिल कोई भी व्यक्ति दुनिया के किसी भी हिस्से को सुरक्षित ठिकाना नहीं मान सकता।

आप नेता ने पिछली सरकारों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पंजाब में 2007 से 2017 के बीच गैंगस्टरवाद बढ़ने का दावा किया और कहा कि मौजूदा सरकार ने इस समस्या से निपटने का तरीका बदला है।

उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस को आधुनिक तकनीक और उपकरणों से मजबूत किया गया है। सरकार का दावा है कि नशों और संगठित अपराध के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2