चंडीगढ़, पंजाब
पंजाब के पटियाला और मोहाली में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीमों ने पटियाला के अर्बन एस्टेट फेज-2 स्थित डीएम वेब सॉल्यूशन के कार्यालय और मोहाली सेक्टर-82 ए स्थित एक स्थान पर छापेमारी की। मोहाली में हुई कार्रवाई को कथित तौर पर एक आईपीएस अधिकारी से जुड़े स्थान से संबंधित बताया जा रहा है।
पटियाला में डीएम वेब सॉल्यूशन का कार्यालय एससीओ नंबर 29 में स्थित है। यहां कॉल सेंटर का संचालन किया जाता था। जानकारी के अनुसार ईडी की टीम सुबह दो वाहनों में मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान कार्यालय में आने-जाने वालों पर भी रोक लगा दी गई।
बताया जा रहा है कि यह कॉल सेंटर दिन-रात संचालित होता था। मौके पर करीब 15 से 20 ईडी अधिकारी मौजूद होने की जानकारी सामने आई है।
जांच के दौरान विदेश में कथित तौर पर करीब 250 से 300 करोड़ रुपये के लेनदेन से जुड़ा इनपुट सामने आने की बात कही जा रही है। इसी जांच के सिलसिले में मोहाली और पटियाला स्थित परिसरों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार मोहाली स्थित कार्यालय की मालकिन के भाई का पटियाला में डीएम वेब सॉल्यूशन के नाम से कार्यालय था। ईडी इस कार्यालय के जरिए हुए कथित वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि यह कार्यालय पहले फ्लाइंग फेदर के नाम से संचालित होता था। पिछले कुछ महीनों में इसका नाम बदलकर डीएम वेब सॉल्यूशन कर दिया गया। फ्लाइंग फेदर का कार्यालय बाद में पटियाला की छोटी बरादरी में स्थानांतरित किया गया था, लेकिन वह भी कुछ समय से बंद बताया जा रहा है।
फिलहाल ईडी की कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।











