Home » ताजा खबर » नोटबंदी के 10 साल बाद भी नकदी का दबदबा कायम: कैश का मोह नहीं छोड़ पा रहे भारतीय, प्रचलन में रिकॉर्ड मुद्रा

नोटबंदी के 10 साल बाद भी नकदी का दबदबा कायम: कैश का मोह नहीं छोड़ पा रहे भारतीय, प्रचलन में रिकॉर्ड मुद्रा

नोटबंदी के 10 साल बाद भी नकदी की मांग बरकरार, चलन में कैश 143 प्रतिशत बढ़कर 43.16 लाख करोड़ रुपये पहुंचा

नई दिल्ली, भारत: भारत में डिजिटल भुगतान का विस्तार तेजी से हो रहा है। छोटी दुकानों से लेकर बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों तक यूपीआई के जरिए भुगतान किया जा रहा है। इसके बावजूद भारतीयों का नकदी से लगाव कम नहीं हुआ है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के सर्वेक्षण में सामने आया है कि लोग आज भी नकदी का इस्तेमाल करना पसंद करते हैं। नोटबंदी के करीब 10 साल बाद भी देश में चलन में मौजूद नकदी का मूल्य लगातार बढ़ रहा है।

आंकड़ों के अनुसार, 8 नवंबर 2016 को देश में चलन में मौजूद नकदी का कुल मूल्य 17.77 लाख करोड़ रुपये था। 23 अक्टूबर 2026 तक यह बढ़कर 43.16 लाख करोड़ रुपये हो गया। इस तरह करीब एक दशक में नकदी के मूल्य में लगभग 143 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। यह आंकड़ा दिखाता है कि डिजिटल भुगतान के बढ़ते इस्तेमाल के बावजूद नकदी की जरूरत खत्म नहीं हुई है।

मार्च 2026 तक 41.24 लाख करोड़ रुपये के बैंक नोट चलन में

आरबीआई की मई 2026 में जारी वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2026 के अंत तक देश में चलन में मौजूद बैंक नोटों का कुल मूल्य करीब 41.24 लाख करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष -26 के दौरान बैंक नोटों के मूल्य में 11.9 प्रतिशत और उनकी संख्या में 10.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।

इसके बाद भी नकदी के चलन में वृद्धि जारी रही। अक्टूबर 2026 के आंकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं कि बाजार में नकदी की मांग मजबूत बनी हुई है।

यूपीआई ने भी बनाया नया रिकॉर्ड

डिजिटल भुगतान के मोर्चे पर भारत ने बड़ी प्रगति की है। अक्टूबर 2026 में यूपीआई के माध्यम से 25.46 अरब लेनदेन हुए, जिनका कुल मूल्य 31.53 लाख करोड़ रुपये रहा।

वित्त वर्ष 2016-17 में यूपीआई से केवल 1.78 करोड़ लेनदेन हुए थे। वहीं, वित्त वर्ष -26 में यह संख्या बढ़कर 24,162 करोड़ से अधिक हो गई। इससे पता चलता है कि पिछले कुछ वर्षों में डिजिटल भुगतान लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है।

लोग नकदी अपने पास क्यों रखते हैं?

आरबीआई के 2023 के शोध पत्र के अनुसार, लोग नकदी का इस्तेमाल केवल सामान खरीदने या सेवाओं का भुगतान करने के लिए नहीं करते। वे इसे आपातकालीन जरूरतों और भविष्य के खर्चों के लिए भी अपने पास रखते हैं। इंटरनेट की अनुपलब्धता, तकनीकी समस्याएं और बैंकिंग सुविधाओं तक सीमित पहुंच भी नकदी की जरूरत को बनाए रखती हैं।

500 रुपये के नोटों का सबसे बड़ा हिस्सा

31 मार्च 2026 तक चलन में मौजूद कुल बैंक नोटों के मूल्य में 500 रुपये के नोटों की हिस्सेदारी 85.5 प्रतिशत थी। संख्या के आधार पर इनकी हिस्सेदारी 41.2 प्रतिशत रही। वहीं, 10 रुपये के नोटों की हिस्सेदारी 16.1 प्रतिशत और 100 रुपये के नोटों की 15.7 प्रतिशत थी।

कुल मिलाकर आंकड़े बताते हैं कि भारत में डिजिटल भुगतान की लोकप्रियता बढ़ने के बावजूद नकदी का महत्व बरकरार है। देश में भुगतान के दोनों माध्यम समानांतर रूप से अपनी जगह बनाए हुए हैं।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2