Home » राज्य » हिमाचल प्रदेश = HP » हिमाचल CM सुक्खू नवरात्र में नए कार्यालय में होंगे शिफ्ट, जनता को मिलेगी राहत; घंटों खड़े नहीं रहेंगे फरियादी

हिमाचल CM सुक्खू नवरात्र में नए कार्यालय में होंगे शिफ्ट, जनता को मिलेगी राहत; घंटों खड़े नहीं रहेंगे फरियादी

शिमला, हिमाचल प्रदेश। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शारदीय नवरात्र के दौरान सचिवालय स्थित नवनिर्मित ईलर्जली फेज-दो भवन में अपने नए कार्यालय से कामकाज शुरू करेंगे। मुख्यमंत्री का नया कार्यालय लगभग तैयार हो चुका है और इसे अंतिम रूप देने का काम जारी है। नए कार्यालय के शुरू होने से प्रदेश के दूर-दराज क्षेत्रों से मुख्यमंत्री से मिलने और अपनी समस्याएं रखने के लिए आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री के नए कार्यालय का जायजा लेने के लिए बुधवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने निर्माण कार्यों और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने भवन में चल रही गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की।

नया कार्यालय आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यहां करीब 100 अधिकारियों के बैठने की क्षमता वाला बैठक हॉल भी तैयार किया गया है। इससे विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठकों के आयोजन में सुविधा होगी।

मुख्यमंत्री से मिलने के लिए प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग सचिवालय पहुंचते हैं। पुराने परिसर में सीमित जगह होने के कारण कई बार लोगों को बैठने की पर्याप्त सुविधा नहीं मिल पाती थी। ऐसे में फरियाद लेकर आने वाले लोगों को सचिवालय के मुख्य द्वार से अंदर तक अपनी बारी का इंतजार करते हुए लंबे समय तक खड़े रहना पड़ता था।

नए कार्यालय में बेहतर बैठने और बैठक की व्यवस्था होने से इस समस्या के कम होने की उम्मीद है। खासकर ग्रामीण और दूर-दराज इलाकों से आने वाले लोगों के लिए यह व्यवस्था महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

नवनिर्मित भवन में मुख्यमंत्री कार्यालय के संचालन के साथ अधिकारियों और आगंतुकों के लिए आवश्यक सुविधाओं को भी व्यवस्थित किया जा रहा है। शारदीय नवरात्र में मुख्यमंत्री के नए कार्यालय से कामकाज शुरू होने के बाद सचिवालय में उनकी कार्यप्रणाली और जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित रूप मिलने की उम्मीद है।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2