Home » ऑटोमोबाइल » ज्योतिष की दुनिया में रिलायंस जियो की एंट्री, JioAstro एप लॉन्च; कुंडली, राशिफल और ग्रह दोषों की मिलेगी जानकारी

ज्योतिष की दुनिया में रिलायंस जियो की एंट्री, JioAstro एप लॉन्च; कुंडली, राशिफल और ग्रह दोषों की मिलेगी जानकारी

नई दिल्ली, दिल्ली। दूरसंचार और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुकी रिलायंस जियो ने अब ज्योतिष के क्षेत्र में कदम रखा है। जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने जियोएस्ट्रो (JioAstro) नाम से नया वैदिक ज्योतिष एप लॉन्च किया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक पर आधारित इस एप के जरिए यूजर्स अपनी जन्म कुंडली से संबंधित सवाल सीधे एआई ज्योतिषी से पूछ सकेंगे। इसमें दैनिक राशिफल से लेकर ग्रहों की स्थिति, दशाओं और विभिन्न ज्योतिषीय दोषों के विश्लेषण तक की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

वैदिक ज्योतिष और आधुनिक तकनीक का संयोजन

जियोएस्ट्रो एप को पारंपरिक वैदिक ज्योतिष की गणनाओं और आधुनिक एआई तकनीक को मिलाकर तैयार किया गया है। आमतौर पर ज्योतिष से जुड़े एप में राशि के आधार पर दैनिक राशिफल उपलब्ध कराया जाता है, लेकिन जियो के नए एप में व्यक्तिगत जन्म कुंडली के आधार पर सवाल पूछने की सुविधा दी गई है।

कंपनी के अनुसार, एप में मनगढ़ंत और डराने वाली भविष्यवाणियां करने के बजाय शास्त्रीय ज्योतिषीय गणनाओं के आधार पर जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

40 से ज्यादा ज्योतिषीय योगों की मिलेगी जानकारी

जियोएस्ट्रो में यूजर्स अपनी लग्न कुंडली और नवांश कुंडली देख सकेंगे। इसके लिए उत्तर भारतीय और दक्षिण भारतीय दोनों शैलियों का विकल्प दिया गया है। एप में 40 से अधिक ज्योतिषीय योगों की पहचान करने की सुविधा उपलब्ध है।

इसके साथ ही मांगलिक दोष, कालसर्प दोष, पितृ दोष और ग्रहण दोष से संबंधित ज्योतिषीय विश्लेषण भी प्राप्त किया जा सकेगा।

शुभ मुहूर्त और दैनिक पंचांग भी देख सकेंगे

एप में हिंदी, अंग्रेजी, मराठी और गुजराती भाषा में एआई ज्योतिषी से बातचीत की जा सकेगी। यूजर्स को दैनिक राशिफल के साथ शुभ रंग और भाग्यशाली अंक की जानकारी भी मिलेगी।

इसके अलावा दैनिक पंचांग, शुभ मुहूर्त और वार्षिक वर्षफल रिपोर्ट की सुविधा दी गई है। वार्षिक रिपोर्ट को पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड किया जा सकेगा। लाइफ स्नैपशॉट फीचर के माध्यम से करियर और स्वास्थ्य से जुड़े ज्योतिषीय आकलन भी देखे जा सकेंगे।

परिवार के सदस्यों के लिए बना सकेंगे अलग प्रोफाइल

जियोएस्ट्रो में एक अकाउंट के माध्यम से परिवार के चार सदस्यों की प्रोफाइल जोड़ने की सुविधा मिलेगी। इससे अलग-अलग सदस्यों की जन्म कुंडली और संबंधित ज्योतिषीय जानकारी एक ही एप में देखी जा सकेगी।

गूगल प्ले स्टोर से मुफ्त करें डाउनलोड

जियोएस्ट्रो फिलहाल एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूजर्स के लिए गूगल प्ले स्टोर पर मुफ्त डाउनलोड के लिए उपलब्ध है। कंपनी का दावा है कि यूजर्स की जन्मतिथि, जन्म समय और जन्म स्थान से संबंधित निजी जानकारी एन्क्रिप्टेड रखी जाएगी।

कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि एप केवल ज्योतिषीय मार्गदर्शन के लिए बनाया गया है। इसे चिकित्सा, कानूनी या वित्तीय मामलों में विशेषज्ञों की सलाह का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2