Home » अपराध » मुंबई में ट्रैफिक कॉन्स्टेबल को बोनट पर 200 मीटर घसीटकर फरार हुए थे आरोपी, पुलिस ने दोनों युवकों को किया गिरफ्तार

मुंबई में ट्रैफिक कॉन्स्टेबल को बोनट पर 200 मीटर घसीटकर फरार हुए थे आरोपी, पुलिस ने दोनों युवकों को किया गिरफ्तार

मुंबई, महाराष्ट्र। मुंबई के कलंबोली इलाके में नाकाबंदी के दौरान ट्रैफिक कॉन्स्टेबल को कार से टक्कर मारकर बोनट पर करीब 200 मीटर तक घसीटने के मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहम कुमावत (22) और सोजल तायडे (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को अलग-अलग जिलों से पकड़ा। एक आरोपी जलगांव से और दूसरे को अहिल्यानगर जिले के पारनेर से गिरफ्तार किया गया।

8 नवंबर को नाकाबंदी के दौरान हुई थी घटना

यह घटना 8 नवंबर की है। कलंबोली इलाके में पुलिस की नाकाबंदी चल रही थी। इसी दौरान ट्रैफिक कॉन्स्टेबल दिलीप भोई ने एक कार को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि कार चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और कॉन्स्टेबल को टक्कर मार दी।

टक्कर लगने के बाद कॉन्स्टेबल कार के बोनट पर आ गए। इसके बावजूद चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और उन्हें करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ मौके से फरार हो गया। बाद में इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया, जिसमें पूरी घटना दिखाई दी।

शराब पीने के कारण पुलिस से बचना चाहते थे आरोपी

पुलिस जांच के अनुसार, घटना के समय कार सोहम कुमावत चला रहा था, जबकि सोजल तायडे उसके बगल में बैठा था। पूछताछ के दौरान दोनों ने बताया कि उन्होंने शराब पी रखी थी। उन्हें आशंका थी कि पुलिस की नाकाबंदी में जांच होने पर उनके नशे में होने का पता चल जाएगा।

इसी डर से उन्होंने वाहन रोकने के बजाय वहां से भागने का प्रयास किया। इस दौरान कॉन्स्टेबल को टक्कर लगी और वह कार के बोनट पर फंस गए।

कार पर लिखा था PRESS, पुलिस ने बताई वजह

मामले की जांच में सामने आया कि घटना में इस्तेमाल की गई कार पर ‘PRESS’ लिखा हुआ था। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि कार का इस्तेमाल किसी पत्रकारिता संबंधी काम के लिए नहीं किया जा रहा था। जानकारी के अनुसार, सोहम के पिता जलगांव के एक स्थानीय समाचार चैनल से जुड़े हैं। संभवतः इसी वजह से कार पर प्रेस लिखा हुआ था।

14 नवंबर को दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी

कलंबोली पुलिस ने शनिवार, 14 नवंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिलीप चौहान के कार्यभार संभालने के 24 घंटे के भीतर हुई। इससे पहले आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में देरी को लेकर सवाल उठ रहे थे।

फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की हिरासत में हैं और मामले की आगे जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2