कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट अंडरग्रेजुएट (CUET UG 2026) की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए बड़ी अपडेट सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 28 मई 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षा को स्थगित करने का फैसला लिया है। एजेंसी ने यह निर्णय बकरीद (Id-ul-Zuha) के पर्व को ध्यान में रखते हुए लिया है, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
एनटीए की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अब 28 मई को होने वाली परीक्षा नई तारीख पर आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तिथि की घोषणा जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिफिकेशन जारी कर की जाएगी। ऐसे में जिन उम्मीदवारों की परीक्षा 28 मई को निर्धारित थी, उन्हें सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से ऑफिशियल वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।
एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड दोबारा जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार परीक्षा तिथि से करीब 3 से 4 दिन पहले अपने प्रवेश पत्र ऑनलाइन डाउनलोड कर सकेंगे। एजेंसी की ओर से किसी भी छात्र को ऑफलाइन माध्यम से एडमिट कार्ड नहीं भेजा जाएगा।
अगर किसी उम्मीदवार को परीक्षा से संबंधित कोई समस्या या जानकारी प्राप्त करनी है तो वे एनटीए हेल्प डेस्क नंबर 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र cuet-ug@nta.ac.in पर ईमेल के जरिए भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगी। एनटीए ने छात्रों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी है ताकि सुरक्षा जांच और अन्य प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जा सकें।
ड्रेस कोड को लेकर भी एजेंसी ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उम्मीदवार पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जा सकते हैं। धार्मिक प्रतीक या वस्तुएं पहनने की अनुमति होगी, लेकिन इसके लिए समय से पहले पहुंचकर जांच करवानी होगी। कलावा जैसे धार्मिक धागे पहनने पर भी कोई रोक नहीं है। छात्रों को हल्के और आरामदायक कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। सामान्य जूते, चप्पल या कम हील वाले फुटवियर पहनना बेहतर माना गया है।
एनटीए के इस फैसले से उन छात्रों को राहत मिली है जिनकी परीक्षा बकरीद के दिन निर्धारित थी। अब सभी उम्मीदवार नई परीक्षा तिथि का इंतजार कर रहे हैं।












