Home » विदेश » अमेरिका में भारतीय छात्र की अचानक मौत: ग्रेजुएशन के अगले ही दिन 26 वर्षीय युवक को आया हार्ट अटैक, दोस्त कर रहे मदद की अपील

अमेरिका में भारतीय छात्र की अचानक मौत: ग्रेजुएशन के अगले ही दिन 26 वर्षीय युवक को आया हार्ट अटैक, दोस्त कर रहे मदद की अपील

अमेरिका के कैलिफोर्निया में स्थित गोल्डन गेट यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी करने के महज एक दिन बाद 26 वर्षीय भारतीय छात्र मोहम्मद कुमेल शेख का अचानक निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस दुखद घटना ने उनके दोस्तों और जानने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

मोहम्मद कुमेल शेख मूल रूप से भारत के आंध्र प्रदेश के कडपा जिले के निवासी थे। उन्होंने हाल ही में अपनी ग्रेजुएशन पूरी की थी और इस उपलब्धि का जश्न मनाया था। लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि यह खुशी का मौका इतनी जल्दी मातम में बदल जाएगा।

जानकारी के मुताबिक, कुमेल को नींद के दौरान ही हार्ट अटैक आया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके करीबी दोस्त रवि तेजा नन्नापनेनी ने एक फंडरेजिंग अभियान शुरू किया है, ताकि उनके पार्थिव शरीर को भारत भेजा जा सके और परिवार अंतिम संस्कार कर सके।

रवि तेजा ने फंडरेजर पेज पर भावुक शब्दों में लिखा कि कुमेल एक मेहनती और सपने देखने वाले इंसान थे, जो अपने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए अमेरिका आए थे। वे बेहद सरल, मददगार और दोस्तों के प्रति समर्पित व्यक्ति थे, जो हमेशा दूसरों के लिए खड़े रहते थे।

उनकी अचानक मौत से उनके मित्रों और परिचितों को गहरा आघात लगा है। फंडरेजर के माध्यम से उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए आर्थिक सहायता जुटाई जा रही है। साथ ही यह मदद उनके परिवार पर पड़े आर्थिक बोझ को भी कम करेगी, क्योंकि वे एक निम्न-मध्यम वर्गीय परिवार से ताल्लुक रखते थे और उन पर शिक्षा ऋण का भी भार था।

दोस्तों का कहना है कि इस कठिन समय में हर छोटी मदद भी उनके परिवार के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2