हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग ने शिमला समेत सात जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अगले छह दिनों तक प्रदेश में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है, जबकि 30 जून और 1 जुलाई को अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। निचले और मध्य पहाड़ी इलाकों में बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है।
प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार को मौसम साफ रहा, जबकि शिमला में हल्की बारिश दर्ज की गई। ऊना में सुबह बादल छाए रहने के बाद दोपहर में मौसम साफ हो गया, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले कुछ दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत की ओर तेजी से बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। इसी कारण 30 जून और 1 जुलाई को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
तापमान की बात करें तो ऊना में अधिकतम 37.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि बिलासपुर में 37 डिग्री और मंडी में 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं शिमला में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और मनाली में 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।












