Home » देश » महादेव ऑनलाइन बुक मनी लॉन्ड्रिंग केस: ED ने 940 करोड़ की संपत्तियां कीं अटैच, जांच में बड़ा खुलासा

महादेव ऑनलाइन बुक मनी लॉन्ड्रिंग केस: ED ने 940 करोड़ की संपत्तियां कीं अटैच, जांच में बड़ा खुलासा

रायपुर, छत्तीसगढ़

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महादेव ऑनलाइन बुक और स्काई एक्सचेंज से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 940.77 करोड़ रुपये मूल्य की चल और अचल संपत्तियों को अटैच किया है। एजेंसी ने यह कार्रवाई विकास गर्ग, उनके परिवार और उनसे जुड़ी कंपनियों के खिलाफ की है।

ईडी के अनुसार, जांच में पता चला है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी का यह नेटवर्क विदेश से संचालित किया जा रहा था। फ्रेंचाइज़ी आधारित पैनल सिस्टम के माध्यम से देशभर में इसका संचालन किया जाता था और इससे हर महीने 450 करोड़ रुपये से अधिक की कथित अवैध आय अर्जित होती थी।

एजेंसी का दावा है कि इस रकम को शेल कंपनियों और कई स्तरों वाले वित्तीय लेन-देन के जरिए वैध दिखाया गया। इसके बाद इन पैसों का इस्तेमाल शेयर, सिक्योरिटीज़ और अचल संपत्तियों में निवेश करने के लिए किया गया।

इस मामले की जांच विभिन्न राज्यों में दर्ज एफआईआर के आधार पर शुरू हुई थी। ईडी ने बताया कि पहले भी सात प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर जारी किए जा चुके हैं और अदालत में अभियोजन शिकायतें दाखिल हैं।

नई कार्रवाई के बाद इस चर्चित मामले में अब तक कुल करीब 3,800 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच, जब्त या फ्रीज़ की जा चुकी हैं। ईडी का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आगे भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2