Home » मनोरंजन » Jana Nayagan Box Office Day 3: 200 करोड़ क्लब के करीब पहुंची ‘जन नायकन’, लेकिन ‘लियो’ और ‘GOAT’ से अब भी पीछे

Jana Nayagan Box Office Day 3: 200 करोड़ क्लब के करीब पहुंची ‘जन नायकन’, लेकिन ‘लियो’ और ‘GOAT’ से अब भी पीछे

थलापति विजय की फिल्म ने दिखाई रफ्तार, 200 करोड़ क्लब से बस एक कदम दूर; ‘लियो’ और ‘GOAT’ से पीछे

मुंबई, महाराष्ट्र

थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ (Jana Nayagan) बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के तीसरे दिन फिल्म की कमाई में एक बार फिर उछाल देखने को मिला, जिससे इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 200 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है। हालांकि, शुरुआती तीन दिनों की कमाई के मामले में यह विजय की पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्में ‘लियो’ और ‘GOAT’ का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकी है।

फिल्म ने पहले तीन दिनों में दुनियाभर से 171.84 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 108.34 करोड़ रुपये, जबकि नेट कलेक्शन 92.35 करोड़ रुपये रहा। वहीं, ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने 63.50 करोड़ रुपये की कमाई की है, जो इसके मजबूत वैश्विक प्रदर्शन को दर्शाता है।

रिलीज के तीसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म ने भारत में 28.50 करोड़ रुपये नेट का कारोबार किया। इसके अलावा विदेशों से भी करीब 20 करोड़ रुपये का कलेक्शन हुआ। पहले दिन फिल्म ने 42.70 करोड़ रुपये के साथ शानदार शुरुआत की थी। दूसरे दिन कमाई घटकर 21.15 करोड़ रुपये रह गई, लेकिन शनिवार को वीकेंड का फायदा मिलने से कारोबार में फिर तेजी आ गई।

हालांकि ‘जन नायकन’ की कमाई मजबूत रही है, लेकिन यह थलापति विजय की पिछली फिल्मों के शुरुआती रिकॉर्ड से पीछे है। ‘लियो’ ने तीसरे दिन भारत में 38.30 करोड़ रुपये नेट कमाए थे और तीन दिनों में उसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 285 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था। वहीं ‘GOAT’ ने तीसरे दिन 33.50 करोड़ रुपये नेट और पहले तीन दिनों में 220.08 करोड़ रुपये का वैश्विक कारोबार किया था।

फिल्म में थलापति विजय के साथ बॉबी देओल, पूजा हेगड़े और ममिता बैजू अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। कहानी एक अपराधी द्वारा किए गए अपहरण और उसे बचाने के मिशन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें एक्शन और इमोशनल ड्रामा का मिश्रण देखने को मिलता है।

ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यदि रविवार को भी फिल्म की कमाई इसी तरह बनी रहती है तो ‘जन नायकन’ जल्द ही 200 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड क्लब में शामिल हो सकती है। अब सभी की नजर पहले वीकेंड के अंतिम आंकड़ों और सोमवार के बॉक्स ऑफिस टेस्ट पर टिकी हुई है।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2