Home » बिज़नेस » Gold Silver Price Crash on Dhanteras: धनतेरस पर सोना ₹2,677 और चांदी भी हुई सस्ती, फिर भी 60 हजार करोड़ के कारोबार का अनुमान

Gold Silver Price Crash on Dhanteras: धनतेरस पर सोना ₹2,677 और चांदी भी हुई सस्ती, फिर भी 60 हजार करोड़ के कारोबार का अनुमान

मुंबई, महाराष्ट्र। धनतेरस के मौके पर सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए कीमतों में गिरावट की खबर सामने आई है। शुक्रवार को घरेलू सर्राफा बाजार से लेकर वायदा बाजार तक दोनों कीमती धातुओं के भाव में कमजोरी दर्ज की गई। इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत 2,677 रुपये घटकर 1,41,452 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। इससे पहले इसका भाव 1,44,129 रुपये प्रति 10 ग्राम था।

22 और 18 कैरेट सोने की कीमत में भी गिरावट

धनतेरस पर सोने की अन्य श्रेणियों के दाम भी नीचे आए। 22 कैरेट सोने की कीमत 1,32,022 रुपये से घटकर 1,29,507 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। वहीं, 18 कैरेट सोने का भाव 1,08,097 रुपये से कम होकर 1,06,089 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया।

MCX पर सोने और चांदी का भाव कितना रहा?

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर भी दोनों धातुओं में गिरावट देखने को मिली। सोने का 4 दिसंबर 2026 का वायदा कॉन्ट्रैक्ट 1.30 प्रतिशत टूटकर 1,42,218 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं, चांदी का 4 दिसंबर 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 1.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,85,181 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर सोने की कीमत 0.94 प्रतिशत गिरकर 4,075 डॉलर प्रति औंस और चांदी की कीमत 0.58 प्रतिशत घटकर 52.07 डॉलर प्रति औंस रही।

धनतेरस पर 60 हजार करोड़ के कारोबार की उम्मीद

कीमतों में गिरावट के बावजूद ज्वेलरी उद्योग को धनतेरस पर मजबूत कारोबार की उम्मीद है। ऑल इंडिया जेम एंड ज्वैलरी डोमेस्टिक काउंसिल (GJC) के अध्यक्ष राजेश रोकड़े ने अनुमान जताया कि देशभर में सोने का कारोबार करीब 60,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।

उनके मुताबिक, पिछले साल की तुलना में कारोबार के मूल्य में 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि, बिक्री की मात्रा पिछले साल के आसपास रहने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि इस बार देशभर में कई ज्वेलरी दुकानों ने सुबह 8 बजे से ही कारोबार शुरू कर दिया था।

दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी गिरावट

दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 2,500 रुपये घटकर 1,46,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। चांदी की कीमत भी 2,000 रुपये गिरकर 1,92,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।

पूरे सप्ताह सोने में दर्ज हुई 5 प्रतिशत तेजी

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, धनतेरस के दिन सोने में मुनाफावसूली देखने को मिली। हालांकि, सप्ताह की शुरुआत में 3,875 डॉलर प्रति औंस के स्तर से मजबूत रिकवरी के बाद पूरे सप्ताह सोने में करीब 5 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।

मनोरंजन
संबंधित समाचार
E-Paper image 2