Home » राज्य » राजस्थान = RJ » राजस्थान में आठवीं पास व्यक्ति चला रहा था 100 बेड का अस्पताल, फर्जी MBBS डिग्री का खुलासा

राजस्थान में आठवीं पास व्यक्ति चला रहा था 100 बेड का अस्पताल, फर्जी MBBS डिग्री का खुलासा

जयपुर, राजस्थान। राजस्थान में फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर डॉक्टर बनने का मामला सामने आया है। राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने शुक्रवार को दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपित केवल आठवीं कक्षा तक पढ़ा है। उस पर फर्जी एमबीबीएस डिग्री और स्त्री रोग में डिप्लोमा के आधार पर डॉक्टर के रूप में पंजीकरण कराने का आरोप है।

जांच के अनुसार, आरोपित ने कथित तौर पर फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों का इस्तेमाल कर चिकित्सा क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। इसके बाद वह 100 बेड का अस्पताल संचालित करने लगा। उस पर मरीजों के ऑपरेशन करने का भी आरोप है।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सीकर निवासी पंकज यादव और जालौर जिले के नानजीराम चौधरी के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि नानजीराम वर्ष 2010 से 2014 के बीच जालौर के एक निजी अस्पताल में पर्चियां बनाने का काम करता था। इसी दौरान वह अस्पताल में नर्सिंग से जुड़े कार्य भी करने लगा था।

आरोप है कि बाद में उसने आंध्र प्रदेश शिक्षा बोर्ड के नाम से दसवीं और बारहवीं के फर्जी प्रमाणपत्र बनवाए। इसके अलावा, कानपुर की रामा यूनिवर्सिटी के नाम से फर्जी एमबीबीएस डिग्री और मुंबई के एक कॉलेज से स्त्री रोग में डिप्लोमा हासिल करने का दावा किया गया।

इस मामले में सात नामजद और अन्य अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। एसओजी फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क, मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण के लिए इस्तेमाल किए गए प्रमाणपत्रों और अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2