Home » करिअर » UPSC Civil Services Mains Result 2026 जारी, 2,526 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू का मौका; जानें आगे की प्रक्रिया

UPSC Civil Services Mains Result 2026 जारी, 2,526 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू का मौका; जानें आगे की प्रक्रिया

नई दिल्ली, भारत। सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। मुख्य परीक्षा में सफल 2,526 उम्मीदवारों को अब पर्सनैलिटी टेस्ट यानी साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर रिजल्ट की पीडीएफ देख सकते हैं।

25 नवंबर तक पूरा करना होगा आवेदन फॉर्म

UPSC की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू प्रक्रिया में शामिल होने से पहले अपना ऑनलाइन आवेदन फॉर्म अपडेट या पूरा करना होगा। इसके लिए 11 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है। आवेदन फॉर्म भरने की अंतिम समय सीमा 25 नवंबर को शाम 6 बजे निर्धारित की गई है।

उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना निर्धारित समय में अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

कैसे देखें मुख्य परीक्षा का परिणाम?

UPSC Mains Result 2026 देखने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाना होगा। इसके बाद होमपेज पर उपलब्ध Written Results सेक्शन में प्रवेश करें। यहां Civil Services (Main) Examination, 2026 का लिंक दिखाई देगा। इस पर क्लिक करने के बाद रिजल्ट की खुल जाएगी। उम्मीदवार इसमें अपना रोल नंबर खोजकर चयन की स्थिति देख सकते हैं। भविष्य के लिए परिणाम डाउनलोड करके सुरक्षित रखना भी जरूरी है।

धौलपुर हाउस में होगा पर्सनैलिटी टेस्ट

मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों का अगला चरण पर्सनैलिटी टेस्ट होगा। यह साक्षात्कार नई दिल्ली स्थित UPSC कार्यालय, धौलपुर हाउस, शाहजहां रोड पर आयोजित किया जाएगा।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपना ई-समन पत्र आयोग की आधिकारिक वेबसाइट या ऑनलाइन पोर्टल से डाउनलोड करना होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवारों को डाक के माध्यम से कोई भौतिक समन पत्र नहीं भेजा जाएगा।

अंतिम परिणाम के बाद मिलेगी मार्कशीट

साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग अंतिम परिणाम घोषित करेगा। इसके बाद सभी उम्मीदवारों की मार्कशीट 15 दिनों के भीतर UPSC की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें मुख्य परीक्षा और पर्सनैलिटी टेस्ट में प्राप्त कुल अंकों का विवरण दिया जाएगा।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2