दिल्ली सचिवालय में सीएम रेखा गुप्ता की बड़ी बैठक, चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की प्रगति पर हुई गहन समीक्षा
नई दिल्ली।
दिल्ली सचिवालय में आज मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस अहम बैठक में क्षेत्रीय सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल, विधायकगण, पार्षदगण और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गति में और तेजी लाई जाए तथा सभी योजनाओं को पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढाँचे और नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट्स में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लगातार संवाद और समन्वय बनाए रखें, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुँच सके।
बैठक में यह तय हुआ कि
दिल्ली के प्रत्येक जिले में आधुनिक सुविधाओं से युक्त गौशालाओं का निर्माण किया जाएगा।
प्रमुख बाजारों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट स्थापित किए जाएंगे।
क्षेत्र की शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी।
इस अवसर पर सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं चांदनी चौक संसदीय क्षेत्र की प्रभारी मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाएँगी। उन्होंने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक कदम बताया और कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता यही है कि योजनाओं और सुविधाओं का लाभ सीधे नागरिकों तक पहुँचे।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में चांदनी चौक क्षेत्र में विकास कार्यों को नई दिशा और नई गति मिलेगी।












