दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। उनकी कुल संपत्ति 600 अरब डॉलर का आंकड़ा पार कर गई। रिपोर्ट के मुताबिक मस्क की नेट वर्थ करीब 677 अरब डॉलर आंकी गई, जो किसी भी व्यक्ति के लिए अब तक की सबसे बड़ी संपत्ति है।
इस ऐतिहासिक उछाल की सबसे बड़ी वजह मस्क की स्पेस कंपनी SpaceX है। हाल ही में स्पेसएक्स की वैल्यूएशन बढ़कर 800 अरब डॉलर तक पहुंच गई है। कंपनी की इस नई वैल्यूएशन ने मस्क की दौलत को रॉकेट की रफ्तार से ऊपर पहुंचा दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, एलन मस्क के पास स्पेसएक्स में करीब 42 प्रतिशत हिस्सेदारी है। सिर्फ वैल्यूएशन में हुई इस बढ़ोतरी से उनकी संपत्ति में लगभग 168 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।
गौरतलब है कि अक्टूबर में ही मस्क 500 अरब डॉलर की नेट वर्थ पार करने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बने थे। अब 600 अरब डॉलर के पार पहुंचकर उन्होंने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है।
स्पेसएक्स की यह नई वैल्यूएशन एक टेंडर ऑफर के जरिए सामने आई है, जो अगस्त में करीब 400 अरब डॉलर थी और अब दोगुनी हो चुकी है। कंपनी 2026 में आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है, जिसे इतिहास की सबसे बड़ी लिस्टिंग माना जा रहा है।
रिपोर्ट का कहना है कि मस्क की बढ़ती हिस्सेदारी और स्पेसएक्स की मजबूती ने उनकी संपत्ति को अभूतपूर्व स्तर तक पहुंचा दिया है, जिससे वे न सिर्फ दुनिया के सबसे अमीर, बल्कि इतिहास के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं।












