Home » देश » शादी सीजन में नए नोटों की किल्लत, महंगे दामों पर हो रही कालाबाजारी

शादी सीजन में नए नोटों की किल्लत, महंगे दामों पर हो रही कालाबाजारी

शादी सीजन में नए नोटों की किल्लत, महंगे दामों पर हो रही कालाबाजारी

एक समय था जब शादी-ब्याह के अवसर पर बैंक में विवाह का निमंत्रण पत्र दिखाते ही 10 और 20 रुपये के नए नोटों की गड्डियां आसानी से मिल जाया करती थीं। लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। आम लोगों के लिए ये छोटी मुद्रा के नए नोट अब दुर्लभ हो गए हैं, जबकि बाजार में ये ऊंचे दामों पर खुलेआम बिक रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बैंकों में 10 रुपये के नए नोटों की 1000 रुपये की गड्डी उपलब्ध नहीं कराई जाती। यहां तक की  सिफारिश के बावजूद भी नोट मिलना मुश्किल हो गया है। हैरानी की बात यह है कि यही गड्डी बाजार में 1500 से 2000 रुपये तक में आसानी से मिल रही है। यानी, 500 से 1000 रुपये अतिरिक्त भुगतान करते ही वही नोट प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हो जाते हैं।

शादी समारोहों में छोटे नोटों की खास जरूरत होती है, जैसे कि ‘शगुन’ और अन्य रस्मों के लिए। ऐसे में लोग मजबूरी में इन नोटों को ऊंचे दामों पर खरीदने को विवश हैं। इससे आम आदमी पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि जब बैंक इन नोटों की कमी बता रहे हैं, तो आखिर बाजार में ये नोट बड़ी मात्रा में कैसे पहुंच रहे हैं? सूत्रों के अनुसार, कुछ बैंक कर्मचारियों और बिचौलियों के बीच कथित ‘गठजोड़’ की आशंका जताई जा रही है। आरोप है कि रिजर्व बैंक से आने वाले नए नोट सीधे कालाबाजारी के नेटवर्क में पहुंचा दिए जाते हैं, जिससे आम ग्राहकों को वंचित रहना पड़ता है।

रिपोर्टर: विशेष संवाददाता

संबंधित समाचार
E-Paper image 2