Home » क्रिकेट न्यूज़ -खेल » डोप टेस्ट मिस करने पर यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा पर नाडा की कार्रवाई, नोटिस से बढ़ा दबाव

डोप टेस्ट मिस करने पर यशस्वी जायसवाल और शेफाली वर्मा पर नाडा की कार्रवाई, नोटिस से बढ़ा दबाव

भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और महिला टीम की आक्रामक ओपनर शेफाली वर्मा इस समय मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) ने दोनों खिलाड़ियों को नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई इसलिए की गई है क्योंकि दोनों निर्धारित समय पर डोप टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं पाए गए।

नाडा के अनुसार, दोनों खिलाड़ियों ने अपने द्वारा दिए गए ठिकानों पर जांच के समय उपस्थिति नहीं दी, जिसके चलते यह नोटिस भेजा गया है। हालांकि, नियमों के तहत उन्हें अपनी स्थिति स्पष्ट करने का मौका दिया जाएगा। एंटी-डोपिंग नियमों के मुताबिक, यदि कोई खिलाड़ी 12 महीनों के भीतर तीन बार ‘व्हेयरअबाउट फेल्योर’ यानी तय समय पर टेस्ट मिस करता है, तो इसे नियमों का उल्लंघन माना जाता है। ऐसी स्थिति में खिलाड़ी को पैनल के सामने जवाब देना होता है, और संतोषजनक जवाब न मिलने पर दो साल तक का प्रतिबंध लगाया जा सकता है।

रिपोर्ट के मुताबिक, यशस्वी जायसवाल 17 दिसंबर को अपने बताए गए स्थान पर जांच के लिए मौजूद नहीं थे। वहीं शेफाली वर्मा 7 नवंबर को निर्धारित लोकेशन पर नहीं मिलीं। दोनों ही खिलाड़ी नाडा के रजिस्टर्ड टेस्टिंग पूल का हिस्सा हैं, जिसमें शामिल खिलाड़ियों को अपनी लोकेशन की जानकारी नियमित रूप से देनी होती है ताकि डोपिंग जांच सुचारू रूप से हो सके।

इस मामले की सूचना भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को भी दे दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों खिलाड़ियों को जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिया गया है। अब उन्हें आगे और सावधानी बरतनी होगी, क्योंकि दो और बार टेस्ट मिस होने पर उन्हें प्रतिबंध का सामना करना पड़ सकता है।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2