वॉशिंगटन, अमेरिका
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और संभावित सैन्य टकराव की आशंका के बीच अमेरिका ने ईरान को लेकर अपने नागरिकों के लिए नई सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। अमेरिकी प्रशासन ने नागरिकों से ईरान की यात्रा नहीं करने को कहा है। वहीं, जो अमेरिकी नागरिक पहले से ईरान में मौजूद हैं, उन्हें तुरंत देश छोड़ने की सलाह दी गई है।
ईरान में अमेरिकी वर्चुअल दूतावास की ओर से जारी सुरक्षा अलर्ट में कहा गया है कि क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति जटिल बनी हुई है। अमेरिका ने चेतावनी दी कि हालात और बिगड़ने पर उड़ानें रद्द हो सकती हैं, एयरस्पेस बंद हो सकता है और जमीनी सीमाओं पर नियम अचानक बदल सकते हैं।
अमेरिकी मिशन ने ईरान में मौजूद नागरिकों से एयरपोर्ट, एयरलाइन और बॉर्डर क्रॉसिंग से संबंधित गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को कहा है। साथ ही उन्हें सलाह दी गई है कि यदि वे किसी दूसरे देश जाने की योजना बनाते हैं तो वहां प्रवेश से जुड़े नियमों और आवश्यक दस्तावेजों की पहले से जांच कर लें।
सैन्य टकराव बढ़ने की आशंका
अमेरिकी एडवाइजरी में ईरान समर्थित हूती समूहों की गतिविधियों का भी जिक्र किया गया है। अमेरिका के अनुसार, हूती समूहों की ओर से सऊदी अरब में हमले किए गए हैं। अलर्ट में कहा गया कि क्षेत्र में मौजूदा सैन्य टकराव के और तेजी से बढ़ने की आशंका है।
अमेरिका ने अपने राजनयिक ठिकानों और विदेशों में अमेरिकी हितों को लेकर भी चिंता जताई है। एडवाइजरी में कहा गया है कि ईरान या उसके समर्थन वाले समूह अमेरिकी व्यवसायों, संस्थानों और अन्य अमेरिकी हितों को निशाना बना सकते हैं।
प्रदर्शन और भीड़ से दूर रहने की सलाह
अमेरिकी नागरिकों को प्रदर्शन, बड़ी भीड़ और भारी पुलिस मौजूदगी वाले इलाकों से बचने को कहा गया है। उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर अमेरिका से अपने संबंध को अनावश्यक रूप से उजागर नहीं करने की सलाह भी दी गई है।
हवाई हमले की स्थिति में नागरिकों को खिड़कियों और कांच के दरवाजों से दूर रहने तथा संभावित मलबे से बचने के लिए सुरक्षित स्थान तलाशने को कहा गया है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने नागरिकों को सुरक्षा अपडेट हासिल करने और आपात स्थिति में राजनयिक अधिकारियों से संपर्क आसान बनाने के लिए स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम यानी STEP में पंजीकरण कराने की सलाह दी है।
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच जारी यह एडवाइजरी क्षेत्र की सुरक्षा स्थिति को लेकर वॉशिंगटन की गंभीर चिंता को दर्शाती है।












