Home » दिल्ली-NCR » दिल्ली में IPL टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग का खुलासा, पेट्रोल पंप से मिले कॉम्प्लिमेंट्री और प्राइज पास

दिल्ली में IPL टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग का खुलासा, पेट्रोल पंप से मिले कॉम्प्लिमेंट्री और प्राइज पास

राजधानी दिल्ली में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) मैचों के टिकटों की कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस ने अरुण जेटली स्टेडियम के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर छापा मारकर इस रैकेट का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान कुल 54 टिकट बरामद किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में कॉम्प्लिमेंट्री पास और प्राइज टिकट शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए टिकटों में 34 कॉम्प्लिमेंट्री पास और 20 प्राइज टिकट पाए गए। जांच में यह बात सामने आई है कि इन टिकटों को लंबे समय से अधिक कीमत पर बेचा जा रहा था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और पुख्ता इनपुट के आधार पर यह छापेमारी की, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

प्रारंभिक जांच में दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के कुछ कर्मचारियों की भूमिका पर भी संदेह जताया जा रहा है। पुलिस अब टिकट वितरण प्रक्रिया से जुड़े लोगों से पूछताछ करने की तैयारी में है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह नेटवर्क किस तरह संचालित हो रहा था।

जानकारी के मुताबिक, कॉम्प्लिमेंट्री पास और प्राइज टिकट आमतौर पर विशेष अतिथियों, स्पॉन्सर्स और आयोजकों के लिए जारी किए जाते हैं और इन्हें बिक्री के लिए नहीं रखा जाता। लेकिन इस मामले में इन पासों का दुरुपयोग कर ऊंची कीमतों पर बेचा जा रहा था, जिससे नियमों का उल्लंघन हुआ।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2