Bulandshahr, Uttar Pradesh
बुलंदशहर के खुर्जा में एलएलबी के अंतिम वर्ष के छात्र अंकुर चौधरी की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी चेतन को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। रविवार देर रात समसपुर चौकी क्षेत्र के गांव कमालपुर के पास पुलिस और आरोपी का आमना-सामना हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें चेतन के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। उसके पास से तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री ने बताया कि 20 अगस्त को बिजलीघर नंबर-4 के निकट कार सवार कुछ लोगों ने मुरारी नगर निवासी अंकुर चौधरी पर हमला किया था। एलएलबी के अंतिम वर्ष में पढ़ रहे अंकुर पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किए जाने का आरोप है। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
अंकुर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्र की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी।
पुलिस के अनुसार, अनिल शर्मा उर्फ पुन्ना की तहरीर पर सात नामजद और छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में फायरिंग का आरोप भी लगाया गया था। घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके आधार पर भी पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस ने बताया कि मामले में वांछित आरोपियों में निशांत चौधरी, सौरभ, कृष्णा, भूपेंद्र चौधरी निवासी बगराई, लाखन, राजेंद्र और करन निवासी झमका के नाम सामने आए थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
इस मामले में पुलिस ने पहले मुठभेड़ के बाद लाखन को गिरफ्तार कर जेल भेजा। इसके बाद भूपेंद्र और निशांत को गिरफ्तार किया गया। आरोपी करन ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। इसी बीच पुलिस की जांच में चेतन का नाम भी सामने आया। इसके बाद उसके ऊपर भी 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
रविवार रात कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम समसपुर चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। गांव कमालपुर के पास पुलिस टीम ने बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, युवक ने रुकने के बजाय बाइक मोड़कर जंगल की ओर भागने की कोशिश की।
पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो युवक के दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम चेतन निवासी बगरई खुर्द बताया। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा, दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। उसकी बुलेट मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, चेतन के खिलाफ पहले से करीब पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अंकुर चौधरी हत्याकांड में अब तक कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, पुलिस की ओर से फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने के लिए प्रयास जारी हैं।












