कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के करोड़ों खाताधारकों के लिए जरूरी सूचना है। ईपीएफओ का मेंबर पोर्टल, एंप्लॉयर पोर्टल और उमंग ऐप 26 जून से 30 जून 2026 तक अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। संगठन द्वारा सिस्टम माइग्रेशन और तकनीकी अपग्रेडेशन के चलते इन सेवाओं को कुछ दिनों के लिए रोका गया है।
ईपीएफओ के अनुसार, 26 जून की रात 12 बजे से 30 जून की रात 11:59 बजे तक सदस्य और नियोक्ता ऑनलाइन पोर्टल पर लॉग इन नहीं कर सकेंगे। इस दौरान पीएफ क्लेम जमा करना, क्लेम की स्थिति देखना, यूएएन लिंक करना, ई-पासबुक डाउनलोड करना और उमंग ऐप के जरिए मिलने वाली अधिकांश सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी।
नियोक्ता भी इस अवधि में इलेक्ट्रॉनिक चालान-कम-रिटर्न (ईसीआर) दाखिल नहीं कर पाएंगे। वहीं नई नौकरी शुरू करने वाले कर्मचारियों के लिए यूएएन लिंक करने की सुविधा भी अस्थायी रूप से बंद रहेगी।
हालांकि, पोर्टल बंद रहने के बावजूद सदस्य अपने पीएफ बैलेंस की जानकारी ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड कॉल देकर बैलेंस जाना जा सकता है। इसके अलावा 7738299899 पर EPFOHO UAN ENG लिखकर एसएमएस भेजने पर भी बैलेंस और अंतिम अंशदान की जानकारी मिल जाएगी।
इन सुविधाओं का लाभ तभी मिलेगा जब यूएएन आधार, पैन और बैंक खाते से लिंक होगा। ईपीएफओ ने बताया है कि 1 जुलाई 2026 से सभी ऑनलाइन सेवाएं दोबारा सामान्य रूप से शुरू होने की उम्मीद है। ऐसे में खाताधारकों और नियोक्ताओं को सलाह दी गई है कि जरूरी ऑनलाइन कार्य पहले ही निपटा लें या सेवाएं बहाल होने तक इंतजार करें।












