Home » ज्ञान – जानकारी = information » Foldable Phone: दिखने में प्रीमियम, लेकिन खरीदने से पहले जान लें इनकी बड़ी कमियां

Foldable Phone: दिखने में प्रीमियम, लेकिन खरीदने से पहले जान लें इनकी बड़ी कमियां

फोल्डेबल स्मार्टफोन का बाजार पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है। बड़ी स्क्रीन, प्रीमियम डिजाइन और नए अनुभव की वजह से लोग इन फोनों की ओर आकर्षित हो रहे हैं। साल 2021 में जहां दुनिया भर में लगभग 15 लाख फोल्डेबल फोन बिके थे, वहीं 2025 तक इनकी बिक्री एक करोड़ से अधिक हो गई। हालांकि, बढ़ती लोकप्रियता के बावजूद कई यूजर्स ऐसे भी हैं जो इन फोनों के रोजमर्रा के इस्तेमाल में आने वाली परेशानियों से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं।

सबसे बड़ी समस्या बैटरी बैकअप को लेकर सामने आती है। फोल्डेबल फोन में दो स्क्रीन होने के कारण बिजली की खपत सामान्य स्मार्टफोन की तुलना में अधिक होती है। वहीं, पतला डिजाइन बनाए रखने के लिए कंपनियां सीमित क्षमता की बैटरी देती हैं। ऐसे में लगातार इस्तेमाल करने पर फोन को दिन में कई बार चार्ज करना पड़ सकता है।

दूसरी बड़ी चुनौती हिंज यानी फोन के मुड़ने वाले हिस्से की है। यही फोल्डेबल फोन की सबसे अहम तकनीक होती है। लंबे समय तक बार-बार फोन खोलने और बंद करने से हिंज ढीली पड़ने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इसके अलावा धूल या छोटे कण अंदर चले जाने पर फोन की फोल्डिंग स्मूद नहीं रहती और कई मामलों में तकनीकी खराबी भी आ सकती है।

फोल्डेबल फोन की बड़ी स्क्रीन हमेशा बेहतर अनुभव दे, ऐसा भी जरूरी नहीं है। कई मोबाइल एप्स अभी भी इन स्क्रीन के अनुपात के अनुसार पूरी तरह अनुकूलित नहीं हैं। परिणामस्वरूप वीडियो देखते समय स्क्रीन के ऊपर और नीचे काली पट्टियां दिखाई देती हैं। इसके अलावा स्क्रीन के बीच में मौजूद क्रीज भी कई यूजर्स को परेशान करती है, खासकर वीडियो देखने या स्क्रॉलिंग के दौरान।

स्क्रीन की मजबूती भी चिंता का विषय बनी रहती है। फोल्डेबल फोन की अंदरूनी डिस्प्ले सामान्य स्मार्टफोन की तुलना में अधिक नाजुक होती है। हल्की सी गिरावट में भी इसके क्षतिग्रस्त होने का खतरा रहता है। कंपनियां स्क्रीन पर पहले से प्रोटेक्टर लगाकर देती हैं, लेकिन कुछ समय बाद उसमें बुलबुले बनने या किनारों से उखड़ने जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं।

इसके अलावा फोल्डेबल फोन की मरम्मत भी काफी महंगी होती है। यदि स्क्रीन या हिंज में कोई खराबी आती है, तो रिपेयर का खर्च सामान्य स्मार्टफोन की तुलना में कई गुना अधिक हो सकता है।

अगर आप नया फोल्डेबल फोन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो केवल इसके आकर्षक डिजाइन को देखकर फैसला न लें। बैटरी, मजबूती, स्क्रीन, सॉफ्टवेयर और रिपेयर कॉस्ट जैसी बातों पर भी ध्यान देना जरूरी है, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2