Home » राजनीति » मोदी सरकार से जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा, जानिए कौन हैं बीजेपी के वरिष्ठ नेता और क्यों छोड़ा मंत्री पद

मोदी सरकार से जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा, जानिए कौन हैं बीजेपी के वरिष्ठ नेता और क्यों छोड़ा मंत्री पद

नई दिल्ली, 23 जून। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता जॉर्ज कुरियन ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका राज्यसभा कार्यकाल पूरा होने के बाद पार्टी ने उन्हें दोबारा उच्च सदन के लिए नामित नहीं किया, जिसके चलते उन्हें मंत्रिमंडल से भी विदाई लेनी पड़ी।

राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत जॉर्ज कुरियन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

65 वर्षीय जॉर्ज कुरियन मूल रूप से केरल के कोट्टायम जिले से आते हैं। पेशे से वकील रहे कुरियन लंबे समय से भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उन्हें अक्सर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के केरल दौरे के दौरान उनके भाषणों का मलयालम भाषा में अनुवाद करते हुए देखा गया है।

जॉर्ज कुरियन को वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीसरी सरकार में मंत्री बनाया गया था। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कदम केरल में ईसाई समुदाय के बीच भाजपा की स्वीकार्यता बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा था। कुरियन सिरो-मालाबार कैथोलिक चर्च से जुड़े हुए हैं, जो केरल के प्रमुख ईसाई समुदायों में से एक है।

विशेष बात यह है कि जॉर्ज कुरियन 1980 में भाजपा के गठन के समय से ही पार्टी के साथ जुड़े हुए हैं। उन्होंने पार्टी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं, जिनमें राज्य महासचिव, भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय सचिव और भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य जैसे पद शामिल हैं।

वर्ष 2016 के केरल विधानसभा चुनाव में उन्होंने पुथुपल्ली सीट से तत्कालीन मुख्यमंत्री ओमन चांडी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा वे पूर्व केंद्रीय मंत्री ओ. राजगोपाल के विशेष कार्य अधिकारी (OSD) के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।

सूत्रों के अनुसार, राज्यसभा के लिए दोबारा नामांकन नहीं मिलने की जानकारी उन्हें पहले से नहीं थी। 4 जून को उम्मीदवारों की सूची जारी होने के बाद उन्हें इस फैसले की जानकारी मिली। इस बार भाजपा ने मध्य प्रदेश से तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल को राज्यसभा के लिए नामित किया है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि केरल में भाजपा के अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाने और संगठनात्मक समीकरणों के चलते पार्टी ने नए चेहरों को मौका देने का फैसला किया है।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2