Home » राज्य » हिमाचल प्रदेश = HP » हिमाचल सरकार ने बदले 7 HPPS अधिकारी, फिरोज खान को शिमला इंटेलिजेंस और अजय कुमार को मनाली की जिम्मेदारी

हिमाचल सरकार ने बदले 7 HPPS अधिकारी, फिरोज खान को शिमला इंटेलिजेंस और अजय कुमार को मनाली की जिम्मेदारी

शिमला, हिमाचल प्रदेश। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में सात एचपीपीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। गृह विभाग की 22 अक्टूबर 2026 की अधिसूचना के अनुसार, सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। इस फेरबदल में ऊना में डीएसपी विजिलेंस रहे फिरोज खान को शिमला में डीएसपी इंटेलिजेंस नियुक्त किया गया है। वहीं, अजय कुमार-तृतीय को कुल्लू जिले के मनाली में एसडीपीओ की जिम्मेदारी दी गई है।

 

बबीता राणा को बनगढ़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बनाया

2008 बैच की एचपीपीएस अधिकारी बबीता राणा पहले प्रथम हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस बटालियन, जुन्गा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थीं। सरकार ने उन्हें ऊना जिले की प्रथम भारतीय रिजर्व बटालियन, बनगढ़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (लीव रिजर्व) नियुक्त किया है।

फिरोज खान को शिमला में इंटेलिजेंस का जिम्मा

ऊना में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में डीएसपी रहे फिरोज खान, एचपीपीएस 2018 बैच, को शिमला में डीएसपी इंटेलिजेंस बनाया गया है। वहीं, मंडी जिले की तृतीय भारतीय रिजर्व बटालियन, पंडोह में तैनात अजय कुमार-तृतीय, एचपीपीएस 2018 बैच, अब मनाली में उपमंडल पुलिस अधिकारी के पद पर काम करेंगे।

संजीव कुमार और हेम राज की तैनाती

पुलिस मुख्यालय शिमला में तैनाती की प्रतीक्षा कर रहे संजीव कुमार-चतुर्थ, एचपीपीएस 2019 बैच, को जिला शिमला में डीएसपी (लीव रिजर्व) नियुक्त किया गया है। ऊना में डीएसपी मुख्यालय रहे हेम राज, एचपीपीएस 2021 बैच, को पुलिस मुख्यालय शिमला में डीएसपी (लीव रिजर्व) बनाया गया है।

विक्रांत बोंसरा और हरीश शर्मा के भी तबादले

मनाली में एसडीपीओ रहे विक्रांत बोंसरा, एचपीपीएस 2022 बैच, को पुलिस मुख्यालय शिमला में डीएसपी (लीव रिजर्व) की जिम्मेदारी दी गई है। उनके पास लाहुल-स्पीति के केलंग में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के डीएसपी का अतिरिक्त कार्यभार भी था।

वहीं, जुन्गा स्थित प्रथम हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस बटालियन में डीएसपी रहे हरीश कुमार शर्मा, एचपीपीएस 2013 बैच, को पुलिस लाइन भराड़ी में तैनात किया गया है।

इस प्रशासनिक फेरबदल के जरिए सात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सरकार के आदेशों के अनुसार, सभी तैनातियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

संबंधित समाचार
E-Paper image 2