**इंदौर, मध्य प्रदेश**
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी जेन-जी और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे तथा मध्य प्रदेश और देश के युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।
‘छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की शृंखला इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में आयोजित की जा चुकी है। इसी शृंखला के तहत अब इंदौर में भी इसका आयोजन प्रस्तावित है। कार्यक्रम की शुरुआत एक कंसर्ट से होगी, जिसके बाद राहुल गांधी युवाओं से जुड़े विषयों पर प्रस्तुति देंगे।
प्रस्तुति के बाद कार्यक्रम में राहुल गांधी और युवाओं के बीच सीधे सवाल-जवाब का दौर रखा जाएगा। इस दौरान युवा अपनी समस्याओं और सवालों को राहुल गांधी के सामने रख सकेंगे।
प्रस्तावित आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को राहुल गांधी के सहायक केवी बैजू इंदौर पहुंचे। उन्होंने मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों पर चर्चा की।
सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए किसी बड़े गायक या संगीत समूह को भी आमंत्रित किया जा सकता है। हालांकि कलाकार या संगीत समूह के नाम को लेकर अंतिम फैसला दिल्ली स्तर पर लिया जाएगा।
आयोजन स्थल के रूप में नेहरू स्टेडियम को लेकर भी तैयारी शुरू हो गई है। बैठक के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर चार दिनों के लिए नेहरू स्टेडियम आरक्षित करने की मांग की है।
कांग्रेस की ओर से इस कार्यक्रम को युवाओं से सीधे जुड़ने के एक बड़े मंच के रूप में देखा जा रहा है। राहुल गांधी का इंदौर दौरा और छात्रों के साथ उनका सीधा संवाद मध्य प्रदेश की राजनीति में भी चर्चा का विषय बन सकता है।











